न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़। स्कूली बच्चों में यातायात नियमों सहित अन्य कानूनों के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करने के मकसद से अमर उजाला द्वारा गुरुवार को आगरा रोड स्थित गगन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुलिस की पाठशाला नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में कानून और पुलिस के संबंध में समाज में व्याप्त भ्रांतियां दूर करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही बच्चों के मन में पुलिस को लेकर जो एक विशेष किस्म की धारणा बनी हुई है, उसके संबंध में भी प्रकाश डाला जाएगा।
कार्यक्रम में एसएसपी अजय कुमार साहनी, एसपी क्राइम अशुतोष द्विवेदी, एसपी ट्रैफिक अजीजउल हक, थाना सासनी गेट प्रभारी अरुणा राय सहित अन्य अधिकारी बच्चों के साथ संवाद करेंगे। संबोधन के बाद बच्चे अपनी जिज्ञासाओं को अतिथियों के समक्ष बयां करेंगे और वक्तागण उसका उत्तर देंगे। गगन एजूकेशन ग्रुप की अध्यक्ष शशिबाला शर्मा, स्कूल की निदेशिका उर्वशी गौड़, कालेज के डीन गिरीश शर्मा, रजिस्ट्रार मो. आसिफ खान इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।