न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
हरदुआ ग्रामसभा के दारापुर गांव में रविवार की शाम गेहूं के खेत में पानी लगाए किसान की अचानक जान चली गई। परिजनों के अनुसार ठंड से मौत हुई है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को परिवार ने सूचना दी है। पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजन राजी नहीं हुए इसलिए देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
दारापुर गांव निवासी चंद्रपाल पुत्र करन सिंह वाल्मीकि (45) रविवार को गेहूं की फसल में पानी लगाने के लिए खेत पर गए थे। शाम करीब साढे़ पांच बजे पानी लगाने के दौरान ही वह गश खाकर खेत में गिर गए।
मौके पर ही मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद पास के खेत में काम कर रहे ग्रामीणाें की नजर चंद्रपाल पर पड़ी तो उन्होंने परिजनों को सूचना दी।
रोते बिलखते हुए परिजन खेतों पर पहुंचे। इसकी खबर गांव के सुरेंद्र सिंह चौहान ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी। शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा गया लेकिन परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी नहीं हुए।
देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि मृतक गरीब परिवार से है। ग्रामसभा से आवंटित सवा तीन बीघे जमीन पर खेती कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था।