क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अकराबाद (अलीगढ़)।
थाना क्षेत्र के एक कस्बे के निवासी ने एसएसपी राजेश पांडेय से शिकायत की कि उसके पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उसकी नाबालिग बेटी को घर में बुलाकर अपने तीन परिचित युवकों से गैंगरेप करवा दिया। पुलिस से शिकायत की बात कहने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसएसपी ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश थाना पुलिस को दिए हैं। इसके बाद पीड़ित पिता ने थाने आकर तहरीर दी है।
इस तहरीर में पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि उसकी एक पड़ोसन ने बीती 21 मार्च को रात करीब 9 बजे टीवी पर फिल्म दिखाने के बहाने उसकी नाबालिग बेटी को अपने घर बुला लिया।
ज्यादा समय बीत जाने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ रात्रि करीब 11.45 बजे उस महिला के घर गया तो एक कमरे में बेड पर बेटी अचेत हालत में पड़ी मिली।
इसके बाद वे उसी हालत में बेटी को अपने घर ले आये। बाद में होश में आने पर उसने बताया कि पड़ोसन के घर खाना खाते ही उसे चक्कर आने लगे। जिस पर उस महिला ने कहा कि तुम अंदर कमरे में जाकर बेड पर लेट जाओ।
युवती जैसे ही कमरे के अंदर पहुंची कि आरोपी महिला का भांजा व उसका एक दोस्त अंदर घुस गए। कुछ देर बाद कस्बे का ही एक और युवक कमरे के अंदर आ गया।
तीनों ने बारी बारी से बलात्कार किया। इसके बाद वह अचेत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने रिपोर्ट न दर्ज कराने के लिए 20 हजार रुपये देने का पीड़ित परिवार को लालच दिया। जब पीड़ित ने मना किया तो अगले दिन कई अज्ञात लोगों ने उसके घर आकर जान से मारने की धमकी दी।