न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली से त्रस्त साईं आयुर्वेद कॉलेज भाकरी, शहीद नरेंद्र कुमार आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज व जेडी आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने छात्र नेता सौरभ चौधरी की अगुवाई में प्रोटेस्ट मार्च कर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।
तस्वीर महल स्थित राजा महेंद्र प्रताप पार्क में ही छात्र-छात्राओं को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। छात्र-छात्राओं ने कलेक्ट्रेट तक जोरदार नारेबाजी की। विश्वविद्यालय के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
राज्यपाल को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन एसएलओ दिलीप कुमार यादव को सौंपा गया, जबकि पांच छात्रों के प्रतिनिधि मंडल ने डीएम चंद्रभूषण सिंह से मुलाकात की। उनके आश्वासन के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ। सौरभ ने कहा कि समस्याओं के निराकरण का एक मात्र विकल्प नए विश्वविद्यालय की स्थापना ही है।
छात्र उमाकांत राजपूत व सुधांशु मलिक ने बताया कि उनका और साथियों का वर्ष 2015 में प्रवेश है, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद केवल प्रथम वर्ष की परीक्षा हुई है, उसमें भी 90 फीसदी छात्रों को फेल कर दिया गया।
छात्रा जेबा फरहीन ने बताया कि यदि विवि के सत्र इतनी देरी से संचालित हुए तो उनकी डॉक्टरी की पढ़ाई 15 से 20 वर्ष में पूरी हो पाएगी। इस मौके पर अर्पिता, पल्लवी, अंजू कुमारी, हिमांशी, अंजली, प्रतिजंय, जीतेश, अभिषेक, श्याम तिवारी, लोकेश, ऋषभ सिंह, शिव मोहन, प्रदीप, आसिफ आदि मौजूद रहे।