60 सेकेंड में स्टेशन से बाहर निकलेगी फायर ब्रिगेड
ब्यूरो, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
फायर ब्रिगेड सेवा को भी अब लखनऊ में यूपी 100 से जोड़ा गया है। नई सेवा के तहत 100 नंबर पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर सर्विस स्टेशन से दमकल कर्मी केवल 60 सेकेंड में मौके के लिए निकल जाएंगे। इसकी निगरानी लखनऊ कंट्रोल रूम से होगी। शुक्रवार से अतरौली में यह सेवा शुरू हो गई है।
अतरौली फायर सर्विस आफीसर नन्नूमल शर्मा के अनुसार फायर सर्विस स्टेशन को तीन ईवीएम मिली हैं। इसमें से एक ईवीएम आग बुझाने जाने वाली गाड़ी के साथ जाएगी।
इससे गाड़ी की लोकेशन के बारे में पता चलता रहेगा। पहले 100 नंबर पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस अथवा यूपी 100 की गाड़ी के माध्यम से फायर सर्विस स्टेशन को उनके सीयूजी अथवा वायरलेस सेट पर सूचना मिलती थी। इससे सूचना स्टेशन तक पहुंचने में देरी के साथ गाड़ी को स्टेशन से निकलने में विलंब हो रहा था।
अब योजना को और गतिशील बनाया गया है। आग लगने संबंधी सूचना 100 नंबर पर मिलने के बाद सीधे लखनऊ कंट्रोल रूम से फायर सर्विस स्टेशन पर सूचना पहुंचेगी। सूचना मिलने के 60 सेकेंड के अंदर गाड़ी को हर हाल में सर्विस स्टेशन से आग बुझाने के लिए रवाना होना होगा। इससे समय रहते मौके पर पहुंचकर आग बुझाई जा सकेगी।