ठेकेदार एवं एडीए प्रशासन की वार्ता विफल
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
दोनों पक्षों के अड़े रहने के कारण एडीए प्रशासन एवं ठेकेदारों की शनिवार को दो बार हुई वार्ता बेनतीजा रही। ठेकेदारों ने मांगे पूरी होने तक धरना जारी रखने का एलान किया है। अब सोमवार को एक बार फिर वार्ता होने की उम्मीद है।
ठेकेदारों के रिनुअल, पूर्व में हुए विकास कार्यों के भुगतान, वर्तमान में हुए कामों के भुगतान समेत अन्य मुद्दों को लेकर शनिवार को एडीए प्रशासन एवं ठेकेदारों के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई।
उपाध्यक्ष एडीए के बुलावे पर ठेकेदार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश पाल सिंह, महासचिव मनोज सिंह एवं सतेंद्र पाल सिंह ने उपाध्यक्ष से वार्ता की। इस दौरान एडीए उपाध्यक्ष निशा गोयल जहां मांगों पर निर्णय लेने के लिए एक सप्ताह का समय देने और तब तक धरना समाप्त किए जाने पर अड़ी रहीं।
वहीं दूसरी ओर ठेकेदार मांगों को माने जाने तक धरना जारी रखने पर अड़े रहे। सायंकाल में दोबारा वार्ता हुई, लेकिन दोनों पक्षों के अड़े रहने के कारण यह भी विफल रही।
महासचिव मनोज सिंह ने बताया कि मांगे पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। ठेकेदार रविवार को भी धरने पर बैठेंगे। धरने के दौरान अंकुश अग्रवाल, ढालू चौधरी, सुरेंद्र शर्मा, पुष्पेंद्र तिवारी, भूपेंद्र सिंह, रहीसपाल सिंह, मुकेश शर्मा आदि उपस्थित थे।