वर्दीधारी युवकों ने स्वीमिंग पूल संचालक को पीटा
ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
वर्दी पहने कुछ युवकों ने पैसे मांगने पर अपने साथियों के साथ मिलकर स्वीमिंग पूल संचालक के साथ मारपीट कर दी। मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। स्वीमिंग पूल संचालक आरोपियों को पुलिसकर्मी बता रहा है जबकि एसपी के मुताबिक आरोपी पुलिसकर्मी नहीं हैं।
थाना हाथरस गेट क्षेत्र के सोखना स्थित एमएस स्वीमिंग पूल के संचालक यासीन का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मी ही थे और अपने साथियों के साथ रविवार को स्वीमिंग पूल में नहाने के लिए आए थे। आरोपी शराब के नशे में थे। जब टिकट के पैसे मांगे तो एक आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी।
गुंडई दिखाते हुए पूल के पास मौजूद चारपाई को पानी में फेंक दिया। आरोपियों ने यहां जमकर हंगामा किया। संचालक के बेटे टीनू का कहना है कि आरोपियों ने विरोध कर रही परिवार की महिलाओं से भी मारपीट की।
सारा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। स्वीमिंग पूल संचालक ने फोन कर घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना हाथरस गेट पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
हालांकि पूरे मामले के मीडिया में आने के बाद एसपी ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई। एसपी घुले सुशील का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मी नहीं है बल्कि उन्होंने पुलिस जैसी वर्दी पहनी हुई है। आरोपी किसी दूसरे विभाग के हो सकते हैं। आरोपियाें की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।