न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2018 के तहत अलीगढ़ जनपद में निर्धारित एक प्राइमरी लेवल का परीक्षा केंद्र तकनीकी कारणों से बदला गया है। इस वजह से इस परीक्षा केंद्र के अभ्यर्थियों को दोबारा से प्रवेश पत्र डाउनलोड करना पड़ेगा। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने नए परीक्षा केंद्र के निर्धारण तथा वेबसाइट से संशोधित प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की जानकारी दी है।
गौरतलब हो कि 18 नवंबर को यूपी टीईटी परीक्षा होनी है। इसके लिए विभिन्न तैयारियां भी शासन व प्रशासन द्वारा की जा चुकी हैं। ऐन वक्त पर तकनीकी कारणों से अलीगढ़ जिले का धर्म समाज महाविद्यालय वाला प्राइमरी लेवल का परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर जीटी रोड स्थित धर्म समाज इंटर कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
डीआईओएस ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि धर्म समाज महाविद्यालय में 12101 से लेकर 12700 रोल नंबर तक के 600 परीक्षार्थियों के लिए दोबारा से वेबसाइट पर संशोधित प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं।
इसलिए उक्त रोल नंबर के 600 परीक्षार्थी अपना प्रवेश पत्र दोबारा से डाउनलोड कर लें। ताकि अंत समय में उन्हें किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।