न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को मतदाता पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि अभियान में बीएलओ व सुपरवाइजर रीढ़ हैं। इस वजह से उन्हें अभियान को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।
डीएम डीएस कालेज में एक सितंबर से शुरू हुए मतदाता पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की बैठक को मुख्य अतिथि पद से संबोधित कर रहे थे। सीडीओ दिनेश चंद ने सभी को अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स दिए। सिटी मजिस्ट्रेट नलिनीकांत व डीआईओएस धर्मेंद्र शर्मा ने अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
एडीएम प्रशासन अजय श्रीवास्तव ने कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम कोल जोगिंदर सिंह ने बताया कि मतदान केंद्रों पर पंजीकरण के लिए नौ, 23 सितंबर, सात, 14 व 28 अक्तूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार कोल गौतम सिंह, तहसीलदार न्यायिक जयप्रकाश समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।