न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी एवं विभिन्न सीएससी डिजीटल सेवा केंद्रों के साथ किसान विकास केंद्रों पर नमो ऐप के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों से सीधे रूबरू होते हुए मन की बात की। इन केंद्रों पर बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर प्रधानमंत्री से संवाद एवं सीधा प्रसारण देखा।
प्रधानमंत्री ने किसानों को कृषि के क्षेत्र में हुई प्रगति एवं विकास के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 600 कृषि विज्ञान केंद्र और 2 लाख सीएससी डिजीटल सेवा केंद्रों के माध्यम से किसान बंधुओं से जुड़ने का और अनुभव जानने का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने का पूरा श्रेय किसानों को जाता है। पिछले चार सालों में हमने जमीन रख-रखाव से लेकर उत्तम बीजों, बिजली, पानी उपलब्ध करवाने का पूरा प्रयास किया है। सन् 2022 तक देश के किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न क्षेत्रों के कुछ किसानों से बात की एवं उनके सुझावों को भी सुना। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले बुधवार 27 जून को सुबह 9:30 पर फिर से मिलकर बीमा योजनाओं के बारे में मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग के लोगों से बात करूंगा।
इस अवसर पर विशेषज्ञों ने किसानों को ग्रामीण स्तरीय उद्यमियों को प्रदान की जा रही सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। इनमें ई.पशु चिकित्सा, टेली मेडिसिन, इफ्को, प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना, कैश लैस ट्रांजेक्शन एवं स्वच्छता संबंधित सेवाओं के बारे में बताया गया। इस अवसर पर एनआईसी के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में उप कृषि निदेशक अनिल कुमार, सीएससी डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विष्णुकांत व किसान आदि उपस्थित रहे।