पूर्व पालिका अध्यक्षों से जवाब मांगें डीएम: संयुक्त सचिव
ब्यूरो, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
नगर पालिका की दुकानों की नीलामी में 34 लाख रुपये की गड़बड़ी के मामले में संयुक्त सचिव राधे कृष्ण ने डीएम से तीन दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी है। पत्र में कहा है कि जिलाधिकारी दोनों पूर्व पालिका चेयरमैन रेखा शर्मा व साजिदा बेगम से स्पष्टीकरण लेकर शासन को जानकारी उपलब्ध कराएं। डीएम के आदेश पर एडीएम प्रशासन ने दोनों पालिका अध्यक्षों को तलब किया है।
बताते चलें कि कस्बे के अंशुल भारद्वाज ने दुकानों के आवंटन में गड़बड़ी की शिकायत की थी। जांच तत्कालीन एसडीएम ललित कुमार (वर्तमान तैनाती इगालस) ने की तो इसमें 34 लाख रुपये अधिक की राजस्व क्षति मानते हुए पूर्व चेयरमैन रेखा शर्मा, साजिदा बेगम व तत्कालीन ईओ सीपी मिश्रा तथा नगर पालिका के वर्तमान ईओ व प्रशासन गुलशन कुमारी सूरी को दोषी मानते हुए रिपोर्ट दी थी।
सभी पर धन वापस करने का समानुपात निर्धारण किया गया था। नगर विकास अनुभाग-2 से संयुक्त सचिव राधे कृष्ण की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि जिलाधिकारी दोनों पूर्व नगर पालिका अध्यक्षों से स्पष्टीकरण लें, और सुनवाई का अवसर प्रदान करते हुए आख्या दें।