बदमाश लूट ले गए मधुमक्खियों के 107 डिब्बे
ब्यूरो, अमर उजाला, गंगीरी (अलीगढ़)।
गंगीरी थाना क्षेत्र के गांव कसेरी में बदमाश मधुमक्खियों से भरे से 107 डिब्बे लूट ले गए। दस से बारह बदमाशों ने मधुमक्खियों की रखवाली करने वाले दो सगे भाइयों की पहले जमकर पिटाई की और उसके बाद बांधकर बाजरे के खेत में डाल दिया।
किसी तरह दोनों भाई बंधन मुक्त हुए और मधुमक्खी पालक को सूचना दी। उधर पुलिस ने लूट की इस वारदात को चोरी में दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव फतेहपुर निवासी प्रमोद कुमार पुत्र अमर सिंह ने थाना गंगीरी के गांव कसेरी निवासी एक व्यक्ति के आम के बाग में मधुमक्खियों से भरी 150 पेटियां रखकर मधुमक्खी पालन करते हैं।
उन्होंने मधुमक्खी के डिब्बों की रखवाली के लिए कसेरी गांव निवासी सगे भाइयों शेर सिंह और मोहनलाल पुत्रगण बीरबल को दो दिन पहले ही रखा था। दोनों के अनुसार देर रात दस-बारह बदमाश आए और मारपीट कर उन्हें बाजरे के खेत में बांधकर फेंक दिया।
इसके बाद मधुमक्खियों से भरे 107 डिब्बे गाड़ी में भरकर ले गए। इंस्पेक्टर गोविंद वल्लभ शर्मा के अनुसार घटना संदिग्ध है। चोरी में रिपोर्ट दर्ज है। जांच की जा रही है।