हरदुआगंज नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों के चयन मामले में पड़ताल के बाद अब कार्रवाई शुरू हो गई है। डीएम के आदेश पर डूडा ने 131 अपात्रों को रिकवरी के नोटिस जारी कर दिए हैं।
हरदुआगंज नगर पंचायत में अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों के रूप में चिन्हित करने का खुलासा तत्कालीन एसडीएम कोल रंजीत सिंह की अगुवाई में तहसील की टीम की जांच में हुआ था। टीम ने जांच के बाद 131 लाभार्थियों को अपात्र घोषित किया था। आरोप लगा था कि नगर पंचायत चेयरमैन के इशारे पर उनके कई साधन संपन्न रिश्तेदारों को लाभार्थी के रूप में चिन्हित किया गया। कई अन्य अपात्र भी सेटिंग से चयनित कर लिये गए। पीओ डूडा प्रभात मिश्रा ने स्वीकार किया कि इन सभी 131 अपात्रों को रिकवरी के नोटिस जारी किये जा रहे हैं। इन सभी को पहली किश्त का 50 हजार रुपया मिल गया था, जो अब रिकवर किया जाएगा।