न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जेएन मेडिकल कालेज के अनेस्थिसियालाजी एंड क्रिटिकल केयर विभाग द्वारा शनिवार को साइंटिफिक कम एल्युमनाई मीट आयोजित की गई। इसमें अमेरिका, यूरोप, पश्चिम एशिया, आस्ट्रेलिया व देश के विभिन्न हिस्सों से करीब डेढ़ सौ पूर्व छात्रों ने भाग लिया। सभी ने अपनी कालेज के दिनों की यादों को ताजा करते हुए अनुभव साझा किया।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि विवि के पूर्व छात्र इस महान संस्था के ब्रांड एंबेसेडर हैं और अपनी संस्था की संस्कृृति, परंपराओं व तहजीब से विश्व को परिचित करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज एएमयू एल्यूमनाई का नेटवर्क पूरे विश्व में फैला हुआ है। यह इस इदारे की दुनिया में पहचान करा रहा है। मानद अतिथि ओमान के वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. राशिद एम खान ने कहा कि एलूमनाई को वर्ष में एक या दो बार अपने कालेज में अवश्य आना चाहिए। इस मौके पर प्रो. सैयद मुईद अहमद, प्रो. एससी शर्मा, प्रो. काजी अहसान अली, डा शाहना अली, डा फरहा नसरीन आदि मौजूद रहीं।