न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
टिकट की दौर में सतीश कुमार गौतम, राहुल गौतम सहित पांच नाम सबसे आगे चल रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के जाने के बाद महानगर में इस बात की चर्चा जोरों पर है।
प्रदेश अध्यक्ष बुधवार को यहां आए थे। रघुनाथ पैलेस में कोर कमेटी, विधायक एवं प्रदेश तथा प्रांतीय पदाधिकारियों से अकेले में गुफ्तगू कर मध्य रात्रि यहां से दिल्ली गए। टिकट के तमाम दावेदारों ने टिकट हासिल करने के लिए अपनी फिल्डिंग सजाई थी।
विश्वस्त सूत्रों पर भरोसा करें तो सांसद सतीश कुमार गौतम, पूर्व सांसद शीला गौतम के पुत्र राहुल गौतम, कोल विधायक अनिल पाराशर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर श्यौराज सिंह एवं अनूपशहर के विधायक संजय सिंह का नाम सबसे आगे है। अपने आगमन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दावेदारों के वजन का अंदाजा लगाने में व्यस्त रहे।
कश्मीर की तरह विशेष दर्जा प्राप्त लोकसभा क्षेत्र है अलीगढ़...
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय के आगमन के बाद टिकट को लेकर चर्चा का बाजार गरम है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। लेकिन आश्वस्त कोई नहीं है। यहां के जानकार लोग तो यह कहकर चटकारे ले रहे है कि अलीगढ़ संसदीय क्षेत्र को जम्मू कश्मीर राज्य की तरह विशेष दर्जा प्राप्त है। यहां पार्टी के प्रत्याशी चयन का मापदंड कितना काम करेगा, यह वक्त बताएगा। क्रिकेट मैच की तरह यहां कुछ भी हो सकता है।