डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
प्रदूषण से कराह रहे अलीगढ़ शहर में इलेक्ट्रानिक बसों के संचालन में छह माह का समय लगेगा। महानगर बस सेवा के रूप में संचालित की जाने वाली ई बसों के संचालन में देरी का कारण अलीगढ़ के स्मार्ट सिटी फेज तृतीय में होना है। बसों की संख्या को लेकर जल्द ही यहां नगरीय परिवहन निदेशालय सर्वे कराने जा रहा है।
पर्यावरण एवं प्रदूषण के खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार ने पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी से चलने वाली महानगर बस सेवा को हटाकर इलेक्ट्रानिक बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। पहले चरण में गाजियाबाद में इन बसों का ट्रायल दिसंबर माह में होना है। इसके अलावा अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, इटावा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सहारनपुर एवं झांसी में इलेक्ट्रानिक बसें चलाए जाने की तैयारी है। इन जिलों के प्रशासन से आबादी के हिसाब से बसों की संख्या का प्रस्ताव मांगा गया है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि अलीगढ़ से 50 बसों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से नगरीय परिवहन निदेशालय जल्द सर्वे कराएगा।
सर्वे में जिला प्रशासन, नगर निगम, नगर निकाय एवं संभागीय परिवहन कार्यालय के अधिकारी प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि जिले के स्मार्ट सिटी के तृतीय फेज में होने के कारण ई बसों के संचालन में करीब छह माह लग सकते हैं।