क्राइम, अमर उजाला, अलीगढ़
हरदुआगंज एनकाउंटर के मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी स्तर की एक जांच कमेटी गठित कर दी है, जो 10 अक्तूबर को घटना के पीड़ित परिजनों से बात कर, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर अपनी रिपोर्ट 12 अक्तूबर तक अखिलेश यादव के समक्ष पेश करेंगे। इस जांच सीमित में सांसद राज्य सभा सुरेंद्र नागर, पूर्व मंत्री कमाल अख्तर, पूर्व विधायक जफर आलम, पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव, एमएलसी उदयवीर सिंह, एमएलसी दिलीप यादव सहित कुल छह सदस्य शामिल हैं।
जिलाध्यक्ष अशोक यादव और महानगर अध्यक्ष को इसका पत्र भेजा गया है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने ये पत्र लिखा है। गौर हो कि सपा, रालोद और कांग्रेस के नेता लगातार इस एनकाउंटर के मामले में पीड़ित परिजनाें को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं बसपा नेता हाजी जमीरउल्लाह को इस मामले में बयानबाजी भारी पड़ गई है। उनको बसपा से निष्कासित कर दिया गया है।
नेता बाद में आएं तो अच्छा है..
अतरौली। सपा की पूर्व प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक और मंगल पांडे सेना के अध्यक्ष अमरेश मिश्रा व उनकी टीम पर हुए हमले के बाद सपा का उच्चस्तरीय प्रतिनिधि मंडल बुधवार को हरदुआगंज एनकाउंटर में मारे गए नौशाद और मुस्तकीम के परिवार से मिलने आ रहा है। पंखुड़ी पाठक और अमरेश की टीम पर हमला होने के बाद पुलिस प्रशासन सपा नेताओं के आने को लेकर तनाव में है। पुलिस के सामने सपा नेताओं की टीम को सुरक्षित पहुंचाना और वहां से विदा करना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक एलआईयू ने भी अपनी रिपोर्ट में इस हमले की आशंका से पुलिस अधिकारियों को अवगत करा दिया है। जिसमें पुन: हमले की आशंका जताई है। सूत्रों की मानें तो स्थानीय पुलिस प्रशासन ने जिले से अतिरिक्त फ ोर्स की मांग की है। अतरौली कोतवाली के कोतवाल प्रवेश राणा का कहना है कि यहां की पब्लिक में रोष है तो नेता कुछ समय बाद भी आ सकते हैं। अगर बाद में आएं तो ही अच्छा है। लगातार नेताओं के आने से शहर का माहौल भी बिगड़ सकता है।
इस बारे में पुलिस के उच्चाधिकारियों से बात की जा रही है। जिले से अतिरिक्त फ ोर्स मांगा गया है ताकि हंगामे के कारण शहर की शांति व्यवस्था न बिगड़े।
इधर, सपा नेताओं के आने की सूचना मोबाइल, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के कई माध्यम से शहर भर फैल गई है। लोगों में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं सपा नगर अध्यक्ष डॉ. कबीर खान ने बताया कि सपा प्रतिनिधि मंडल हरदुआगंज में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए मुस्तकीम और नौशाद के परिजनों से मिलेंगे। उनकी सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है।