शिक्षिका को ब्लैकमेल कर रहा युवक
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
डेढ़ साल पहले गोंडा के युवक से मोबाइल पर बात करना और उससे मिलना टप्पल क्षेत्र की एक प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका को महंगा पड़ रहा है। युवक ने मिलने के बहाने उसे बुलाया और उसके आपत्तिजनक फोटो खींच लिए।
इसके बाद अब तक वह शिक्षिका के तीन रिश्ते तुड़वा चुका है। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत करते हुए कार्यवाही की गुहार लगाई है।
टप्पल क्षेत्र में एक प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका के अनुसार डेढ़ साल पहले गोंडा के एक युवक से उसकी मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। इसके बाद उसकी रोजाना बात होने लगी तो युवक ने उसे मिलने के लिए अलीगढ़ बुलाया।
शिक्षिका उससे मिलने के लिए अलीगढ़ आई तो इसी दौरान उसने किसी तरह आपत्तिजनक हालत में उसकी फोटो खींच ली। अब वह शादी का दबाव बना रहा है।
पीड़िता के अनुसार इस दौरान उसके तीन स्थानों पर रिश्ते हुए, लेकिन वह हर जगह पहुंच गया और फोटो को दिखाते हुए रिश्ता तुड़वा दिया। एसएसपी ने पीड़िता को मदद का आश्वासन दिया है।