अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2017 : आवेदन करने की अंतिम तिथि कल
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2017 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर है।
इसके लिए फाउंडेशन की वेबसाइट, अमर उजाला की वेबसाइट या संबंधित लिंक पर जाकर फार्म भरा जा सकता है। फॉर्म में मांगी गईं सभी जानकारियां देना अनिवार्य होगा। लिखित परीक्षा ऑनलाइन नहीं, बल्कि विभिन्न शहरों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी। फॉर्म भरते समय लिखित परीक्षा के लिए विद्यार्थी अपनी सुविधा अनुसार शहर का चयन कर सकेंगे।
इसके लिए 55 शहरों का विकल्प फॉर्म में दिया गया है। पिछली बार की तरह ही इस बार नौवीं और दसवीं के प्रादेशिक बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए 30-30 हजार रुपये की 18 छात्रवृत्तियां और 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के लिए 50-50 हजार रुपये की 18 छात्रवृत्तियां दी जाएंगी। इस वर्ष की छात्रवृत्ति की परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रादेशिक शिक्षा बोर्ड से नौवीं से 12वीं कक्षा तक पढ़ने वाले और पिछली वार्षिक परीक्षा में न्यूनतम 60 फीसदी अंक पाने वाले वे विद्यार्थी पात्र होंगे, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय डेढ़ लाख रुपये से कम हो। आवेदन केवल ऑनलाइन ही किए जा सकेंगे। पात्र पाए गए विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड भी ऑनलाइन ही भेजे जाएंगे।