न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलीगढ़ आगमन के प्रस्तावित 14 अप्रैल के दौरे से पहले आज (बुधवार) को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं उप्र लोकसभा चुनाव प्रभारी जेपी नड्डा तूफानी दौरे पर आ रहे हैं। दौरे के दौरान वह हाथरस, अलीगढ़ और बुलंदशहर की स्थिति को भांप कर पीएम के लिए होमवर्क के तौर पर कार्य करेंगे।
बताया जा रहा है कि यहां के किए होमवर्क को वह पीएम के सामने पेश करेेंगे, जिससे कि पीएम नरेंद्र मोदी अलीगढ़ की जनसभा के दौरान जनता की मूल समस्याओं पर प्रहार कर ऐन वक्त पर माहौल को भाजपा के प्रतिकूल करने में कामयाब हो सकें।
भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार जेपी नड्डा सुबह आठ बजे नई दिल्ली से कार द्वारा प्रस्थान कर 11 बजे हाथरस पहुंचेेंगे। यहां वे भाजपा प्रत्याशी राजवीर दिलेर, लोकसभा संयोजक सत्यभान मदनवात और जिलाध्यक्ष गौरव आर्य से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद दोपहर एक बजे कार से ही अलीगढ़ के लिए प्रस्थान कर दो बजे यहां पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम, लोकसभा संयोजक नत्थी सिंह, जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक के साथ एक घंटे की बैठक करेंगे।
इसके बाद तीन बजे यहां से बुलंदशहर के लिए निकलेंगे। वहां भी प्रत्याशी डॉ. भोला सिंह, लोकसभा संयोजक देवेंद्र लोधी, जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद यहां से शाम 7:30 बजे कार से ही दिल्ली के लिए रवाना होंगे।