मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम को अपशब्द कहने के मामले में सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इस्हाक को जिला निर्वाचन कार्यालय से नोटिस जारी हो गया है। यह वीडियो चंद दिनों पहले उस समय का है जब वे कुछ नाराज मुसलमानों को मनाकर गठबंधन के प्रत्याशी अजीत बालियान के पक्ष में लाने की कोशिश कर रहे थे।
चंद दिनों पहले गठबंधन के प्रत्याशी अजीत बालियान व अज्जू इस्हाक जीवनगढ़ इलाके में वोट मांगने गए थे। इस मुस्लिम बहुल इलाके में रहने वाले कु छ लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि 20 सितंबर 2018 को हरदुआगंज के चर्चित एनकाउंटर में मारे गए मुसलमानों के पक्ष में पूर्व विधायक हाजी जमीरउल्लाह और कांग्रेस प्रत्याशी चौ. बिजेंद्र सिंह खड़े हुए थे। उस वक्त सपा और बसपा वाले कहां थे।
इस जनसंपर्क के खत्म होने के बाद अज्जू इस्हाक ने विरोध करने वाले मुसलमानों को मनाने के लिए वहां के ही एक सपा नेता के घर बुलाया और अपनी बात रखी। इस बातचीत में उन्होंने कहा कि जमीरउल्लाह ने एनकाउंटर मामले में पक्ष रखने के बाद कदम खींच लिए थे। उन्होंने आजमगढ़ के सपा विधायक नफीस से अपनी सिफारिश पुलिस से कराई थी क्योंकि एनकाउंटर के वक्त आजमगढ़ से स्थानांतरित होकर आए एक पुलिस अधिकारी ही यहां पर सर्वेसर्वा थे।
वीडियो में यह है बातचीत
वीडियो के अंश कुछ इस तरह से हैं.. कमरे में गहमागहमी है और सीटों पर लोग जमे हैं। अज्जू कुर्सी पर हैं और कह रहे हैं कि उस वक्त अगर वो (जमीर और बिजेंद्र) मुसलमानों के साथ थे तो पीछे क्यों हटे। मैं अगर उनकी जगह होता तो पीछे नहीं हटता। पीछे हट जाता तो मैं ... हूं। एक बाप की औलाद नहीं..। मैं अगर कहीं डटूंगा तो पीछे नहीं हटूंगा..। चाहे मेरा घर टूट जाए। एसी बंद हो जाए या कुछ और हो जाए। यहां जितने लोग बैठे हैं सब जानते हैं मेरे चौ. बिजेंद्र सिंह से क्या संबंध हैं।
मेरी मां उनको राखी बांधती हैं, वो मेरी मां को बहन मानते हैं। हमारा उनका घर में आना जाना है। हमारे संबंध घर जैसे हैं। उन्होंने (बिजेंद्र सिंह) मुझसे फोन कर कहा कि भांजे.. अगर एक बार मुसलमान हाथी पर चढ़ गया तो एड़ियां रगड़ते रह जाओगे विधायक नहीं बन पाओगे। तो मैंने कहा कि सूली पर चढ़ने को तैयार हूं लेकिन पीछे नहीं हटूंगा। फिर अज्जू सभी से बोले.. अब मैं कह रहा हूं.. खामोशी अख्तियार कर लो। रही बात विधायक बनने की तो मैंने विधायकों की औकात देखी है।
आज हमारी बात डीएम क्यों नहीं सुन रहा है। यहां के विधायकों की क्यों नहीं सुन रहा है। क्योंकि वहां योगी बैठा है। योगी..(आपत्तिजनक शब्द)। आगे बोले.. इस ...(आपत्तिजनक शब्द) (सतीश गौतम) को टिकट केवल हरिगढ़ और यूनिवर्सिटी के मामलों से मिली है। भाजपा ने कल्याण का कद जीरो कर दिया। इतनी रिकार्डिंग के बाद वीडियो खत्म हो जाती है।
निशीत की शिकायत पर हुई नोटिस
अलीगढ़। भाजपा जिला प्रवक्ता डा. निशीत शर्मा ने इस वीडियो को जिला प्रशासन के पास भेजा है। जिस पर जांच पड़ताल शुरू हो रही है। इस मामले में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा है कि नोटिस जारी किया जा रहा है। आगे नियमानुसार कार्रवाई होगी।
एक सपा नेता के घर के अंदर चुनाव की रणनीतिक और राजनीतिक बातचीत हो रही थी। उसी वक्त किसी ने वीडियो बनाया है। जिला प्रशासन इसकी जांच कराए और जो कार्रवाई होगी उसका विधि के अनुसार जवाब दिया जाएगा। हां, अगर मेरे शब्दों से किसी को कोई ठेस पहुंची है तो मैं इसका भविष्य में ध्यान रखूंगा।
-अज्जू इस्हाक, पूर्व महानगर अध्यक्ष, सपा