न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी पद के लिए परीक्षा 22 एवं 23 दिसंबर को होगी। दो पारियों में जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में 38736 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मंथन हुआ।
एडीएम सिटी एसबी सिंह ने बताया कि पहली पारी सुबह दस से 12 बजे तक चलेगी तो दूसरी पारी दोपहर तीन से पांच बजे तक चलेगी। उन्होंने बताया कि केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों की सफाई, बिजली, पानी, सीटिंग प्लान, जेनरेटर, शौचालय एवं सीसी कैमरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गए हैं।
परीक्षा में इलेक्ट्रानिक डिवाइस, मोबाइल, एटीएम, पेजर, पेन ड्राइव, घड़ी, किसी भी प्रकार की कान में लगाने वाली मशीन, डिजीटल डिवाइस आदि प्रतिबंधित की गई है।
प्रत्येक केंद्र पर एक एसआई, दो कांस्टेबिल, दो महिला आरक्षी मौजूद रहेंगे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी लगाए जाएंगे। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि परीक्षा के दौरान पूरी पारदर्शिता बरती जाए। इस मौके पर एडीएम वित्त उदय सिंह, एसपी सिटी आशुतोष द्विवेदी समेत अन्य अफसर मौजूद थे।