न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
तीन जुलाई को नगर पंचायत हरदुआगंज की बोर्ड बैठक में न पहुंचना अधिशासी अधिकारी हरदुआगंज को भारी पड़ गया। कमिश्नर ने चेयरमैन की शिकायत पर उनका वेतन रोकने के आदेश कर दिये हैं।
बताते चलें कि तीन जुलाई को नगर पंचायत हरदुआगंज के सभागार में हुई बोर्ड बैठक में सूचना के बावजूद ईओ महिमा मिश्रा नहीं पहुंची थी। इससे नाराज चेयरमैन तिलकराज यादव ने सभासदों की सहमति से उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कराया था और इसकी शिकायत कमिश्नर से की थी।
उनका आरोप था कि ईओ अपने घर बैठकर कार्यालय चला रही हैं। वह नगर पंचायत में आती ही नहीं हैं। उन्होंने बताया कि ईओ दस मई तक के अवकाश पर थी। 11 मई से उन्होंने केवल 7 जून को कार्यालय में उपस्थित रही। जबकि ईओ महिमा मिश्रा ने सफाई दी थी कि वे स्वास्थ्य कारणों से बैठक में नहीं पहुंच सकी थी।
इसकी सूचना उन्होंने निकाय प्रभारी एवं एडीएम प्रशासन आरएन शर्मा को दे दी थी। कमिश्नर अजयदीप सिंह ने डीएम को निर्देशित पत्र में अपने स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा अग्रिम आदेशों तक ईओ का वेतन आहरित न करने के निर्देश दिये।