महिला की गला रेतकर हत्या, शव फेंका
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी इलाके में भगवानगढ़ी पुलिया के पास रात में महिला की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह 35 वर्षीय महिला का शव मिलने पर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खबर पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। फिलहाल शिनाख्त न हो पाने के कारण शव को मोरचरी में रखवा दिया गया है। सोमवार सुबह राहगीरों ने जब भगवानगढ़ी पुलिया के निकट एक महिला का शव पड़ा देखा तो वहां भीड़ एकत्रित हो गई। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी कर उस महिला के शव को कब्जे में कर लिया, जिसकी उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। हरे रंग का सूट पहने इस महिला की हत्या गला रेतकर की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में कर शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया है।