खाली पदों पर रिटायर्ड डाक्टरों की भर्ती शुरू
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
जिले और खास तौर से शहर के अस्पतालों में चल रहा चिकित्सकों के खाली पदों के संकट में अब कुछ राहत मिल सकती है। प्रादेशीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों को रिटायर्ड हो जाने के बाद 65 वर्ष की आयु तक फिर से सेवा में लिए जाने के निर्देश की रोशनी में अब शासनादेश जारी करके आवेदन मांगे हैं।
महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय के निदेशक (प्रशिक्षण) की ओर से अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सेवानिवृत्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के एक वर्ष के सेवा विस्तार के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। 4 सितंबर को सभी आवेदकों को व्यक्तिगत रूप से नियंत्रक अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत होना है।
अलीगढ़ में पांच विशेषज्ञ पद और तीन सामान्य पदों के लिए भर्ती होगी। दिए गए निर्देश में कहा गया है कि आवेदक अपने साथ परफोर्मेंस रिपोर्ट लाएं। साथ ही नियंत्रक अधिकारी और स्वयं की संस्तुति लाएं।
रोस्टर के अनुसार लगेगी अब डाक्टरों की ड्यूटी
अलीगढ़। जिले के सरकारी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अब डाक्टरों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगेगी। इस संबंध में स्वास्थ्य महानिदेशक की ओर से सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं। दिए गए निर्देशों में कहा गया है कि यह देखा जा रहा है कि सरकारी अस्पतालों में ओपीडी और इमरजेंसी में रोगियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
लोक सेवा आयोग के माध्यम से चिकित्सकों की समयाअंतर्गत उपलब्धता भी नहीं हो पा रही है। इसके अलावा प्रदेश में डाक्टरों की बेहद कमी भी है। इससे जनता को डाक्टर की सेवाओं का समानुपातिक लाभ सुलभ नहीं हो पाता है। इसी के चलते अब रोस्टर के अनुसार डाक्टरों की ड्यूटी लगेगी।