स्कूटी की डिग्गी से 50 हजार की नकदी पार
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर की पॉश स्वर्ण जयंती नगर कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े वन विभाग के रिटायर्ड कर्मी की स्कूटी की डिग्गी से 50 हजार रुपये पार कर दिए गए। वह बैंक से रुपये निकालकर जनरल स्टोर पर सामान खरीदने के लिए रुके थे, तभी इस घटना को अंजाम दिया गया। खबर पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस पूछताछ के बाद छानबीन में जुट गई है।
शिव गंगा अपार्टमेंट निवासी सुदर्शन चंद्र वार्ष्णेय वन विभाग से रिटायर्ड हैं। बुधवार को वह रामघाट रोड स्थित बैंक से 50 हजार रुपये की नकदी लेकर आए। उन्होंने वह नकदी एक बैग में रखकर स्कूटर की डिग्गी में रख ली और घर की ओर चल दिए। स्वर्ण जयंती नगर स्थित पैराडाइज अपार्टमेंट के बाहर एक जर्नल स्टोर पर वह सामान लेने के लिए रुके, तभी किसी ने डिग्गी का ताला तोड़कर बेग पार कर दिया। पीड़ित के मुताबिक बैग में 50 हजार की नकदी व जरूरी कागजात थे। यह देख उनके होश उड़ गए। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। खबर पाकर पहुंची पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।