न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
राशन वस्तुओं की कालाबाजारी रुकने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को पूर्ति विभाग की टीम ने सिहोर क्षेत्र में दो गाड़ियों में लदे 80 कट्टे राशन के गेहूं एवं 88 कट्टे चावल को पकड़ लिया। माल को जब्त कर आरोपी राशन डीलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई देर रात तक जारी है।
जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह को सूचना मिली कि जिले के सिहोर क्षेत्र में एक टाटा 407 एवं टाटा मैजिक के जरिये राशन का अनाज कालाबाजारी को ले जाया जा रहा है।
इसे गंभीरता से लेते हुए पूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर जाकर गाड़ियों को घेर लिया। जांच में गेहूं के 80 तो चावल के 88 राशन के बोरे बरामद हुए।
डीएसओ ने बताया कि यह माल जलाली के कोटा डीलर राधा देवी एवं रामगोपाल के यहां से आया था। पकड़ी गई गाड़ियां राधाचरन की थी। माल को जब्त कर दोषियों के विरुद्घ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।