न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
स्टेशन पर बुधवार को रेलवे ट्रैक पर लघुशंका कर रही महिला गरीबरथ एक्सप्रेस की चपेट में आ गई, जिसके कारण उसके पैर कट गए। महिला को इलाज के लिए एएमयू के जेएन मेडिकल कालेज भेजा गया।
इंस्पेक्टर आरपीएफ नवल किशोर ने बताया कि हरदुआगंज के गांव नया बांस निवासी दुलारी अपनी पुत्रवधू के साथ गंतव्य को जाने के लिए स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची और प्लेटफ ार्म नंबर तीन/चार पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी।
दोपहर करीब एक बजे दुलारी रेलवे ट्रैक नंबर चार लघुशंका करने लगी। तभी दिल्ली जाने वाली नॉन स्टाप ट्रेन गरीब रथ एक्सप्रेस आ गई। यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
प्लेटफार्म की ओर दौड़ी महिला को अन्य यात्रियों ने ट्रैक से प्लेटफ ार्म की ओर खींचने का प्रयास किया लेकिन तब तक ट्रेन की चपेट में आने से उसके पैर कट गए। पुलिस ने एंबुलेंस मंगवाकर घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।