तालानगरी सड़क दुरुस्त होना शुरू, कांवड़ियों को मिलेगा साफ सुथरा रास्ता
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महाशिवरात्रि पर कांवड़ियों को साफ सुथरा रास्ता मुहैया कराने के लिए पीडब्ल्यूडी नोडल कार्यालय ने बुधवार को काम शुरू कर दिया है। तालानगरी के पास किमी नंबर आठ, नौ और दस पर गड्ढों को भरने का काम होने लगा है।
पीडब्ल्यूडी नोडल कार्यालय के एक्सईएन अल हसन मंसूर सिद्दीकी ने बताया कि सात फरवरी से शुरू हुआ काम 12 फरवरी तक चलेगा। यहां पर रास्तों को साफ करने के लिए दो तीन कर्मियों को अलग से लगाया जा रहा है, जो झाड़ू से कंकड़ साफ करेंगे।
महाशिवरात्रि तक आने वाले कांवड़ियों को साफ सुथरा रास्ता दिया जाएगा। जिससे उनकी यात्रा सुगम रहे। उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। यहां दो एई भी तैनात किए गए हैं। अमर उजाला ने कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क को दुरुस्त करने का मुद्दा सबसे पहले उठाया है, जिसके बाद से जिला प्रशासन गंभीर हो गया है।
गौर हो कि हाल ही में कासगंज में गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा के दौरान चंदन नाम के व्यक्ति की मौत हो गई थी और इसके बाद हिंसा भड़क गई। अलीगढ़ जिला प्रशासन भी कासगंज से सबक लेकर महाशिवरात्रि की कांवड़ यात्रा को लेकर खासा संजीदा है।
हर व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। बिजली विभाग से, नगर निगम से और दूसरे विभागों से भी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया है। जिससे कांवड़ यात्रा सफलता से पूर्ण हो सके। गौर हो कि रामघाट रोड से श्रीे खेरेश्वर धाम, श्री अचलेश्वर धाम तक गंगाजल ले कर आने वाले हजारों श्रद्धालु 11 फरवरी से रामघाट रोड पर चलने लगेंगे। इनकी कतारें 12 और 13 फरवरी में सर्वाधिक होंगी।