सफल महिलाएं सुनाएंगी सफलता की कहानी
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
देश और दुनिया में सफलता का परचम फहराने वाली एएमयू की पूर्व छात्राएं अपनी सफलता की कहानी सुनाएंगी। एएमयू के पूर्व छात्रों का सम्मेलन 15 एवं 16 अक्तूबर को कैनेडी हॉल में होने जा रहा है। पहली बार इसमें वीमेंस अचीवर्स (एएमयू छात्राओं के लिए रोल मॉडल) विषय पर विशेष सत्र का आयोजन किया जा रहा है।
एएमयू अल्यूमनाई अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन प्रो. सुहैल साबिर और डॉ. अकबर जोसेफ ए सैयद ने पत्रकारों को बताया कि 15 अक्तूबर को प्रात: 10 बजे पूर्व छात्रों के सम्मेलन का शुभारंभ किया जाएगा। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. ताहिर महमूद मुख्य अतिथि होंगे। जबकि संयुक्त अरब अमीरात के ब्लू स्टार के सीईओ दाऊद बिन उजैर, आईबी के ज्वाइंट डायरेक्टर मनोज यादव, अंबरीश केनघे आदि विशिष्ट अतिथि होंगे।
विभिन्न विषयों पर तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे। रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। रात्रि भोज का आयोजन सर सैयद हाउस लॉन में किया जाएगा।
प्रो. साबिर ने बताया कि दूसरे दिन वीमेंस अचीवर्स का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें एरीजोना विश्वविद्यालय की प्रो. यासमीन सैकिया, वरिष्ठ पत्रकार आरफा खानम, केएमपीजी की सबीहा सईद, इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विसेज के तसनीम रसूल बोज, जामिया मिलिया इस्लामिया नई दिल्ली की डीन प्रो. नुजहत परवीन खां, न्यूयार्क की गजाला कोहकन शम्सी तथा हार्वेस्ट गोल्ड फूड इंडिया की ताब सिद्दीकी शामिल होंगी।
पंडित एचएल शर्मा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के कुलपति प्रो. ओपी कालरा समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व छात्र एएमय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में विदेश के 100 सहित करीब 400 पूर्व छात्र शामिल होंगे। उम्मीद है कि प्रस्तावित पैरा मेडिकल कॉलेज एवं अन्य विकास कार्यों में पूर्व छात्र दिलचस्पी लेंगे और आर्थिक मदद करेंगे।