छात्र की पिटाई पर हंगामा, पुलिस से धक्कामुक्की
ब्यूरो, अमर उजाला, जलाली (अलीगढ़)।
गुरुवार को कस्बे के स्वामी कृष्णानंद इंटर कालेज में प्रधानाचार्य द्वारा छात्र को लोहे की राड से पीटने पर शुक्रवार को छात्रों ने खूब बवाल काटा। कालेज का गेट बंद होने पर पहले तो सड़क जाम करने की कोशिश की, बाद में दीवार फांदकर कालेज के अंदर घुस गए।
लातों और ईंट के जरिए ताला तोड़ने की कोशिश की। छात्राओं के कक्षों पर दरवाजे पीटे। कक्षाओं में घुसकर छात्रों को हड़काया। मौके पर पहुंचे तीन सिपाहियों से धक्कामुक्की तक की।
उधर छात्रों के हंगामे को देखते हुए चौकी से और फोर्स कालेज पहुंच गया। प्रधानाचार्य को सुरक्षा के लिहाज से थाने भेज दिया गया। देर शाम थाने में पीड़ित छात्र के परिवार और प्रधानाचार्य के बीच समझौता हो गया।
बताते चलें कि गुरुवार को विकास शर्मा पुत्र वेदप्रकाश शर्मा नामक छात्र की प्रधानाचार्य ने लोहे के राड से पिटाई की थी। छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया गया था। प्रधानाचार्य ने इसे अनुशासन के नाम पर की गई कार्रवाई बताया था।
शुक्रवार को इसी बात पर छात्रों ने जमकर हंगामा काटा। बताते हैं कि हंगामा कर रहे छात्रों का मन नहीं भरा तो उन्होंने प्रधानाचार्य को पीटने के लिए पीड़ित छात्र की मां को आगे कर दिया था। हालांकि पुलिस की मौजूदगी से मारपीट नहीं हो सकी।