बाइकर्स ने पब्लिक के बीच लहराई पिस्टल, दहशत
ब्यूरो, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
कस्बे के छर्रा अड्डे के निकट बाइक सवार तीन युवकों ने शुक्रवार को जनता के बीच पिस्टल लहराते हुए दहशत पैदा की। टिर्री चालक के मुंह में पिस्टल ठूंस दी। इससे दहशत फैल गई।
मौके पर मौजूद पुलिस और स्थानीय निवासियों ने दबंगई दिखा रहे दो लोगों को पकड़कर खूब धुना, जबकि एक फरार हो गया। पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी है। टिर्री वाले ने रंगदारी वसूलने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली के गांव उत्तमगढ़ी निवासी बिहरी लाल पुत्र साधू सिंह अतरौली में टिर्री चलाते हैं। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अवंतीबाई चौराहे से वह टिर्री में सवारियां लेकर वह छर्रा अड्डे की ओर जा रहे थे। ईदगाह के निकट पीछे से आए तीन बाइक सवारों ने टिर्री को रुकवा लिया और चालक व सवारियों से मारपीट करने लगे।
एक युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और चालक के मुंह में ठूंस दी। एक बाइक मिस्त्री ने यह देख उस ओर बढ़ा तो बाइकर्स ने गोली मारने की धमकी देते हुए दूर रहने की चेतावनी दी। लोगों की भीड़ लग गई। बाइकर्स हवा में पिस्टल लहराते हुए पास आने पर गोली मारने की धमकी देने लगे। इससे वहां दहशत पैदा हो गई।
कोतवाल उत्तमचंद पटेल ने बताया कि पकड़े गए युवकों ने अपने नाम प्रदीप राना पुत्र हरिओम, संतोष कुमार पुत्र राजनलाल निवासीगण मीरपुर हुसैनपुर थाना गोंडा बताए हैं। इनके खिलाफ टिर्री वाले से जबरन रंगदारी वसूलने का मुकदमा दर्ज किया गया है। उनका साथी ललित फरार है उसकी तलाश की जा रही है। तीनों शराब के नशे में थे।