पेट्रोल पंप पर एएमयू छात्र विशांत पर चाकू से हमला
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू कैंपस स्थित पेट्रोल पंप पर छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें चाकू से घायल एमएससी छात्र विशांत प्रताप सिंह का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इस घटना के बाद पेट्रोल पंप पर पहुंचे छात्र संघ के निवर्तमान उपाध्यक्ष नदीम अंसारी ने पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा किया। उन पर एक कर्मचारी को थप्पड़ मारने का आरोप लग रहा है।
पेट्रोल पंप पर लाइन के दौरान पीछे से बाइक सटने पर छात्र आपस में टकरा गये और छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें एमएससी फाइनल ईयर के छात्र विशांत प्रताप सिंह के बायीं बाजू पर गहरा जख्म आया है। विशांत दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला का आरोप लगा रहे हैं।
विशांत के साथ एमएससी छात्र उस्मानी को भी बेल्ट आदि से पीटा गया। इसकी सूचना मिलने के बाद एएमयू छात्र संघ के निवर्तमान उपाध्यक्ष नदीम अंसारी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गये। सीसीटीवी फुटेेज देखने को लेकर उन्होंने जमकर हंगामा किया और कर्मचारियों को कमरे से बाहर निकाल दिया।
वहीं पेट्रोल पंप के अधीक्षक मो. सैयद कुरैशी का आरोप है कि नदीम अंसारी ने शाबाज अहमद नामक कर्मचारी को थप्पड़ मारा। उन्होंने बताया कि वे इस मामले की शिकायत प्रॉक्टर आफिस में करने जा रहे हैं।
इधर विशांत प्रताप सिंह की ओर से इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में तहरीर दी गई है। उन्होंने युवकों पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। उपाध्यक्ष नदीम अंसारी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में बाइक का नंबर दिख रहा है। उसके आधार पर आरोपी तक पहुंचा जा सकता है।
नदीम अंसारी ने कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना से इंकार किया। डिप्टी प्रॉक्टर का कहना है कि इस मामले में विशांत की तरफ से तहरीर दी गई है, जिसे थाने में फारवर्ड कर दिया गया है। डिप्टी प्रॉक्टर ने नदीम अंसारी के खिलाफ शिकायत की सूचना से इंकार किया।