तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र और रिहायशी क्षेत्र के साथ आबादी वाले रॉयल होम्स को चोरों ने निशाना बनाना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार रात चोर एक अधिवक्ता के बंद मकान के ताले चटकाकर घर में रखी नकदी, जेवरात और कार चोरी कर ले गए। अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस, डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
रॉयल होम्स कालोनी निवासी अधिवक्ता गंम्भीर सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को उनकी तबीयत खराब हो गई थी। गाजियाबाद से बेटा आकर दोनों को अपने साथ ले गया था। बृहस्पतिवार रात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। ड्राइंग रूम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। चोर अलमारी में रखे सोने के कंगन, दो जंजीर, मंगलसूत्र, झाले, चार अंगूठी, चांदी का लोटा, 45 हजार की नकदी, एलईडी टीवी, सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर सहित लॉबी में खड़ी कार चुराकर ले गए। गंभीर सिंह के अनुसार कार समेत करीब दस लाख रुपये का सामान व नकदी चोरी हुई है। सुबह घर के सामने से गुजर रहे तयेरे भाई रूप किशोर ने ताले टूटे व कार गायब देखकर वारदात की सूचना गंम्भीर सिंह व पुलिस को दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम की मदद से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। गंभीर सिंह की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है। थानाध्यक्ष रामवकील सिंह का कहना है कि कई स्तर पर जांच पड़ताल चल रही है। कॉलोनी से लेकर रामघाट रोड तक के कई कैमरों से महत्वपूर्ण जानकारी मिल रही है। जल्द ही चोर पकड़े जाएंगे
शातिर चोरों ने उठाया बारिश का फायदा, एक घंटे में दिया वारदात को अंजाम
कालोनी के कई कैमरों में चार चोर दिखाई दे रहे हैं जो रात 1:42 बजे पैदल ही अधिवक्ता के मकान की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं। रात दो बजकर 52 मिनट पर घर से कार बाहर निकालते हुए चोर कैमरे में कैद हुए हैं। क्वार्सी पर लगे एक कैमरे में करीब सवा तीन बजे चोरी की गई कार व पीछे चलता टेंपो दिखाई दे रहा है। पुलिस जल्द ही चोरी का खुलासा करने की बात कह रही है।