मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड) योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का नगर आयुक्त ने बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें खैर रोड के निर्माण में गड़बड़ी और पुराने इंटरलॉकिंग ब्रिक्स का हिसाब-किताब नहीं मिला। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए पीपीएस फर्म पर 10 लाख का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया है।
खैर रोड स्थित हीरा लाल की पुलिया से नादा पुल चौराहा तक 2.56 मीटर लंबी सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। इस सड़क पर लगभग 29.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बुधवार को नगर आयुक्त विनोद कुमार अचानक खैर रोड पहुंच गए। जानकारी पर ठेकेदार, फर्म के इंजीनियर, नगर निगम के एक्सईएन बिजेंद्र पाल सिंह व एई राजवीर सिंह भी पहुंच गए। रोड से जलभराव समाप्त करने के उद्देश्य से लाल ब्रिक्स से बने इस नाले को पूरी तरह से आरसीसी से बनाने को कहा।