अलीगढ़ की अतरौली विधानसभा सीट काफी चर्चित है। इस क्षेत्र से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अशोक सिंघल, कांग्रेस के दिग्गज प्रवक्ता रहे राजीव दीक्षित का नाम जुड़ा हुआ है।
इस सीट से योगी सरकार में राज्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह ने नामांकन दाखिल किया। इस बार भी वह भाजपा के टिकट पर यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। संदीप सिंह ने नामांकन के दौरान हलफनामा भी दिया है। इसमें उम्र, संपत्ति, आपराधिक इतिहास आदि की जानकारी है। हमने 2017 और इस बार दिए गए हलफनामा की तुलनात्मक रिपोर्ट तैयार की है। देखिए... क्या-क्या बदलाव हुए हैं?
पांच साल में उम्र केवल चार साल बढ़ी
संदीप की उम्र पांच साल में सिर्फ चार साल बढ़ी है। 2017 में दिए हलफनामा में संदीप ने अपनी उम्र 26 साल बताई थी। ये हलफनामा उन्होंने 18 जनवरी 2017 को दाखिल किया था। ठीक पांच साल बाद 18 जनवरी 2022 को उन्होंने इस बार का हलफनामा दाखिल किया। इसमें उन्होंने अपनी उम्र 30 साल बताई है। यानी, पांच साल में उनकी उम्र में केवल चार साल का इजाफा हो पाया है।