जहां ज्यादातर नेता शोशेबाजी का कोई मौका नहीं गंवाते, वहीं सूबे के मुख्यंमंत्री अखिलेश यादव का 40वां जन्मदिन सोमवार को सादगी से मनाया गया। शहर में जगह-जगह सभाएं हुईं और अखिलेश यादव की लंबी उम्र की दुआ हुई। वहीं कई जगह कार्यकर्ताओं ने गरीबों को फल व मिठाई वितरित कर खुशियां बांटी। साथ ही उत्तराखंड में आई आपदा के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में आर्थिक सहायता देने की अपील भी की गई।
बांटी फल व मिठाई...
सपा के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अशोक यादव की अध्यक्षता में कार्यकर्ता जमा हुए और मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया। उदयगंज में सपा के युवा नेता रजनीश सिंह यादव ने फल व मिठाई बांटी। रजनीश ने मुख्यमंत्री राहत कोष में राशि दान की। समाजवादी छात्र सभा ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन की बधाई देते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
जन्मदिन को बना दिया संकल्पदिवस...
समाजवादी पार्टी युवाजन सभा महानगर के कैंप कार्यालय इंदिरा नगर में नगर अध्यक्ष हाजी मोहम्मद इशहाक सिद्दीकी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री का जन्मदिन संकल्पदिवस के रूप में मनाया। लोकसभा चुनाव 2014 को लेकर तैयारी व प्रत्याशी डॉ. अशोक बाजपेई को भारी मतों से विजयी बनाने को लेकर संकल्प लिया।
सोमवार को ही कर डाला सुंदरकांड...
चौक की बान वाली गली स्थित समाजवादी विचार मंच के कार्यालय में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सुंदरकांड का पाठ हुआ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सादगी से मनाते हुए राहत सामग्री उत्तराखंड भेजी। इस अवसर पर लोक सभा प्रभारी बख्तावर सिंह, नगर अध्यक्ष मुजीबुर्रहमान बब्लू, विधायक रविदास मेहरोत्रा व मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल मौजूद थे।