बाह से आगरा जा रहे कार सवार पर शनिवार रात दबंगों ने हमला कर दिया। डंडे मारकर कार के शीशे तोड़ डाले। युवक को कार से खींचकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। दबंगों ने कार सवार युवक को बचाने आए लोगों से भी मारपीट की। हमले में कार सवार बुरी तरह घायल हो गया। पीड़ित ने सोने की चेन, मोबाइल और रुपये लूटने का आरोप लगाया है।
घटना रात करीब 7.50 बजे की है। आगरा के गौतम नगर, कोटली बगीची देवरी रोड निवासी रामबाबू पुत्र खेमचंद अपने साथी वीरेश राजेश्वर मंडल मंत्री भाजपा, मनीष के साथ बाह की तरफ से वैगनआर कार से आगरा लौट रहे थे। रामबाबू का आरोप है कि कस्बा फतेहाबाद के दीनदयाल चौक पर उन्होंने कार रोकी। उनके साथी पानी लेने के लिए उतरे। वह कार में ही बैठे थे। एक महिला आई और गाली गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। महिला के साथ आए एक दर्जन लोगों ने उन्हें गाड़ी से खींचकर सड़क पर गिरा लिया। बेरहमी से डंडों से पीटा।
बचाने आए साथियों को भी पीटा। डंडे मारकर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। रामबाबू बुरी तरह लहूलुहान हो गए। साथियों को भी चोटें आई हैं। जानकारी पर थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामबाबू को मेडिकल के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि मारपीट में कार सवार घायल हुआ है। प्रथम दृष्टया महिला से गाली गलौज का मामला सामने आया है। घायल को मेडिकल के लिए भेजा गया है। पीड़ित ने सोने की चेन, मोबाइल और रुपये लूटने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है।