फतेहाबाद फोटो । बूथों का निरीक्षण करती एडीएम स्वाति शर्मा
बाह/फतेहाबाद/किरावली। जिले में चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। फतेहाबाद और बाह के उपजिलाधिकारियों ने बूथों पर पहुंचकर बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की और नए वोट बनाने पर जोर दिया। अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को लेकर खासा उत्साह दिखाया।
उप जिलाधिकारी फतेहाबाद स्वाति शर्मा ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। एसडीएम बाह विनोद कुमार, तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ ने अपनी मौजूदगी में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए कई बूथों पर 18 साल की आयु पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं के फॉर्म-6 भरवाए।
एसडीएम ने बताया कि अभियान में नाम शामिल कराने के लिए 1542 फॉर्म-6 आए हैं। नाम विलोपित कराने के लिए 197 फॉर्म-7 भरे गए हैं, जबकि नाम संशोधन के लिए 101 फॉर्म-8 भरे गए हैं। भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस के प्रतिनिधि भी विशेष पुनरीक्षण अभियान में विभिन्न बूथों पर सक्रिय रहे। बटेश्वर के प्राथमिक विद्यालय के प्रधान अध्यापक विनोद कुमार ने बताया विशेष पंजीकरण अभियान के दाैरान शनिवार को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए 5 फार्म भरे गए। किरावली के प्राथमिक विद्यालय प्रथम के प्रधानाध्यापक लोकेन्द्र मुद्गल ने बताया शनिवार को विद्यालय में बनाए गए कुल 05 बूथों पर अब तक 12 फॉर्म भरे जा चुके हैं।