आगरा के कस्बा फतेहाबाद के मोहल्ला मल्लाह टोला निवासी रामरतन उर्फ कटप्पा (30) की मध्यप्रदेश के मुरैना जनपद के अंबाह थाना क्षेत्र में रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपनी कार से ससुराल में फुफिया ससुर के बेटे की शादी में शामिल होने जा रहा था। ससुराल से करीब आधा किलोमीटर पहले बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची अंबाह थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन ने मृतक के साढ़ू और ससुर पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया।
कस्बा के मोहल्ला मल्लाह टोला निवासी मृतक के बड़े भाई धर्मवीर पुत्र कुंवर सिंह ने बताया कि रामरतन उर्फ कटप्पा(30) रविवार शाम अपनी कार से मध्यप्रदेश के अंबाह थाना क्षेत्र के गांव रामदासकापुरा बरेह स्थित ससुराल में आयोजित फ़ुफिया ससुर राकेश निषाद के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था। रात करीब साढ़े दस बजे ससुराल से लगभग आधा किलोमीटर पहले उसका शव कार से करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना की जानकारी रात करीब 10:45 बजे मृतक के साले ने फोन पर दी।
धर्मवीर का आरोप है कि करीब एक माह पहले भाई रामरतन अपनी ससुराल गया था, जहां उसके साथ मारपीट की गई थी और जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद करीब आठ दिन पहले उसके साढ़ू ने अवैध तमंचे के साथ वीडियो बनाकर उसे हत्या की धमकी भी दी थी। उनका आरोप है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते साढ़ू और ससुर ने मिलकर रामरतन की हत्या की है। परिजन ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद हमलावर मृतक के हाथों में पहनी सोने की दो अंगूठियां और करीब 30 हजार रुपये भी लूट ले गए। उनका कहना है कि रामरतन की एक जांघ में गोली लगी थी, जबकि छाती पर भी चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि गोली मारने से पहले उसके साथ मारपीट भी की गई।
घटना की सूचना मिलते ही अंबाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। वहीं सोमवार दोपहर को मृतक का शव उसके घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। रामरतन अपने पीछे पत्नी गुड़िया, 10 वर्षीय पुत्र रोहित और 8 वर्षीय पुत्र मोहित को छोड़ गया है। पत्नी और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें-
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अब AI की नजर: रॉन्ग साइड चलाते ही कंट्रोल रूम को मिलेगा अलर्ट, हादसों पर लगेगी लगाम