जलेसर के ग्राम क्यार में ट्यूबवेल के कमरे में 26 वर्षीय युवक दिनेश का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
एटा के जलेसर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम क्यार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित एक ट्यूबवेल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान 26 वर्षीय दिनेश के रूप में हुई है। ट्यूबवेल पर दिनेश का शव फंदे से लटका देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह और जलेसर थाना प्रभारी (SHO) संजय राघव भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच करने के लिए सर्विलांस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों को भी मौके पर बुला लिया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
फिलहाल युवक की मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और रहस्य बना हुआ है कि उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों का है, इसलिए मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।