मैनपुरी। औंछा थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर में बुधवार की सुबह युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। शव कमरे में पड़ा मिला। गले में साड़ी का फंदा पड़ा हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी मनोज कुमार मंगलवार की शाम खाना खाने के बाद कमरे में सोने के लिए चला गया था। बुधवार की सुबह तड़के पत्नी की रोने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए।
कमरे में जाकर देखा तो मनोज का शव पड़ा हुआ था। गले में साड़ी का फंदा लगा था। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली तो कोई भी मौत का कारण नहीं बता सका। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।