फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र के मेहताबनगर निवासी युवक की संदिग्ध हालत में शनिवार सुबह मौत हो गई। मृतक की बहन ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
लाइनपार थाना क्षेत्र के मोहल्ला मेहताबनगर निवासी विपिन कुमार (40) मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे उसकी अचानक मौत हो गई। युवक की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। मृतक की बहन भी भाई के घर आ गई। बहन ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए लाइनपार थाना पुलिस को सूचना दी।
जहर देकर हत्या का आरोप
सूचना पर लाइनपार थानाध्यक्ष आजादपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष लाइनपार आजादपाल सिंह का कहना है कि युवक की मौत बीमारी के कारण हुई है। बहन ने जहरीला पदार्थ देकर हत्या का आरोप लगाया था। इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक पर चार बेटे और एक पुत्री है। वह मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि हत्या की पुष्टि होती है तो मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी। जिससे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।