यमुना एक्सप्रेसवे पर मिला युवक का शव मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद से पैदल ही अपने घर आंबेडकर नगर जा रहे युवक संदीप (26) की रास्ते में मौत हो गई। रविवार की सुबह करीब छह बजे उसका शव यमुना एक्सप्रेसवे के पास गांव चौगान के समीप झरना नाला पुल पर मिला। वह थकान से चूर हो गया था। खून की उल्टियां होने लगीं। गिरा तो फिर उठा ही नहीं।
छलेसर चौकी प्रभारी विमल कुमार ने बताया कि उसकी जेब में मिले मोबाइल पर फोन करने पर उसके भाई दिलीप ने उसकी पहचान छोटे भाई संदीप (26) पुत्र श्याम निवासी लक्ष्मन गार्डन, साहिबाबाद, गाजियाबाद के रूप में की।
उसने पुलिस को बताया कि वह गाजियाबाद में रहकर पीओपी का कार्य करता था। मूलरूप से आंबेडकर नगर के गांव इस्थरा थाना जहांगारीबाद का है। वह पैदल ही अपने गांव जा रहा था। उसे खून की उल्टी हुई। अकेला ही था, इस कारण पुलिस को तुरंत सूचना नहीं मिली, वरना उसे अस्पताल भेजा जाता।