अरनोटा पुल पर फंदा लगाने वाले युवक को ऊपर खींचते लोग वायरल फोटो वीडियो
पिनाहट। बसई अरेला थाना क्षेत्र के अरनाैटा पुल से फंदा लगाकर बृहस्पतिवार को एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवक को नीचे उतार लिया, जिससे उसकी जान बच गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, लालपुरा निवासी धीरज (24) पुत्र रघुवर दयाल ने अरनाैटा पुल पर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। राहगीरों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को एकत्रित कर लिया। सूचना पाकर पहुंची बसई अरेला पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पुल से नीचे उतारा। सीएचसी पिनाहट में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया। धीरज के भाई संजय ने बताया कि ससुराल पक्ष से चल रहे विवाद के कारण धीरज काफी परेशान था, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्वस्थ होने पर युवक के बयान दर्ज किए जाएंगे।