मुकेश का फाइल फोटो और नाला जिसमें गिरकर उसकी मौत हुई
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में घनी आबादी वाले मोहल्लद्म जोशियान में दो साल से नाले के किनारे टूटी रेलिंग चाट बेचने वाले युवक की मौत का कारण बन गई। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे जोशियान नाले में गिरकर युवक की मौत हो गई। गुरुवार सुबह सदर विधायक, नगर निगम के अधिकारी, एसडीएम सदर के साथ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जोशियान निवासी चाट विक्रेता मुकेश कुमार कश्यप (42) नाले के किनारे परिवार के साथ किराए के मकान में निवास कर रहा था। मृतक के भाई भुल्लू ने बताया कि मुकेश बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह घर लौट रहा था। घर के समीप जोशियान नाले के समीप पहुंचा था। तभी बिजली चली गई। नाले किनारे रेलिंग न होने के कारण मुकेश को दिखाई नहीं दिया और वह करीब 10 फीट गहरे नाले में गिर गया। यहां से गुजर रहे साइकिल सवार को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर आसपास के लोगों के साथ मुकेश के परिवारीजन भी पहुंच गए।
क्षेत्रीय लोगों ने मुकेश को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो गई। सुबह नगर विधायक मनीष असीजा और भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार मौके पर पहुंचे। विधायक ने एसडीएम सदर को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। एसडीएम सदर बुशरा बानो, लेखपाल और कानूनगो के साथ मौके पर पहुंची। परिवारीजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
नाला में गिरकर हुई मौत के बाद मौके पर पहुंचे सदर विधायक मनीष असीजा
- फोटो : अमर उजाला
तीन सदस्यीय जांच टीम गठित
घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही एसडीएम सदर बुशरा बानो ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन कर दिया है। टीम से दो दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया है। एसडीएम सदर ने बताया कि पीड़ित परिवारीजनों को मुआवजा दिलाने के लिए डीएम को पत्र लिखा जाएगा।
खुशबू के सिर से उठ गया मां बाप का साया
मृतक मुकेश के भाई भुल्लू ने बताया कि मुकेश सात भाईयों में पांचवें नंबर का था। सात माह पूर्व मुकेश की पत्नी मंजू देवी की लॉकडाउन के समय बीमारी से मौत हो गइ थी। मुकेश अपनी बेटी खुशबू (11 वर्ष) के साथ रहता था।
एक साल में दो मौत, मेयर भी देखें स्थिति
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में नगर निगम के प्रति आक्रोश है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि एक साल में यह पांचवां हादसा है। लोगों ने कहा कि महापौर नूतन राठौर को भी क्षेत्र में आकर स्थिति देखनी चाहिए। छह माह पूर्व फुलवाडी निवासी एक वृद्धा नाले में गिरकर घायल हुई थी। उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पांच माह पूर्व नगला विष्णु निवासी एक चिकित्सक भी नाले में गिरकर घायल हुए थे। सोफीपुर निवासी बाइक सवार तीन लोग भी नाले में गिरकर गंभीर रुप से घायल हुए थे।
ई रिक्शा नाले में गिरा
गुरुवार सुबह करीब दस बजे ई रिक्शा चालक भी ई रिक्शा सहित नाले में गिर पड़ा। बुधवार को चूड़ी का ठेल भी नाले में पलटा था। आए दिन गाय और गोवंश इस नाले में गिरकर घायल हो जाते है। देर से पहुंची तहसील की टीम, विधायक ने जताई नाराजगी
नगर विधायक मनीष असीजा द्वारा घटना की सूचना देने के बाद भी तहसील सदर की टीम करीब साढ़े 11 बजे मौके पर पहुंची। एसडीएम सदर बुशरा बानो भी दोपहर करीब 12 बजे घटनास्थल पर पहुंची। इस पर नगर विधायक मनीष असीजा द्वारा नाराजगी जाहिर करते हुए कहा गया कि सूचना देने के बाद भी अधिकारी देर से आए। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए एसडीएम सदर से कहा।
दो साल से रखी है रेलिंग, नहीं ली लगवाने की सुध
मोहल्ला जोशियान निवासी मोनू सिंह ने कहा कि पूर्व में चेयरमैन रहे सदर विधायक मनीष असीजा द्वारा लोहे की रेलिंग लगवाई गई थी। दो साल पूर्व नाला सफाई के लिए नगर निगम द्वारा रेलिंग नाले किनारे ही रखवा दिया। नाला सफाई के बाद रेलिंग लगवाने की सुध नगर निगम अधिकारियों ने नहीं ली।
हर समय बच्चों के गिरने का रहता है डर
जोशियान निवासी सुुनील यादव का कहना है कि नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही से इस साल का यह दूसरा बड़ा हादसा है। आए दिन घटनाएं होती हैं। नाले किनारे रेलिंग न होने के कारण बच्चों की दिन भर देखभाल करनी पड़ती है।
पूरे दिन नाले के किनारे रहता है आवागमन
जोशियान निवासी श्रीचंद्र प्रजापति का कहना है कि चंद्रवारगेट पर जाम लगने के कारण काफी संख्या में लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं।
जोशियान नाले के किनारे रेलिंग लगवाई जाएगी। इसके लिए स्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। हादसे की सूचना पर एक्सईएन ट्रैफिक को भेजा गया था। पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने के लिए एसडीएम सदर द्वारा पत्र लिखा जा रहा है। विजय कुमार, नगर आयुक्त
मृतक की बेटी को पांच लाख देने की मांग
जोशियान मोहल्ले में हुई घटना पर पूर्व सभासद श्याम सिंह यादव ने रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि हादसा नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही की देन है। कई बर्षों से नाला बेरिकेडिंग के अभाव में खुला पड़ा है। दर्जनों वाहन चालक घायल हो चुके है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से पीड़ित बेटी को पांच लाख रुपये की मदद देने की मांग की है। जिससे उसका भरण पोषण हो सके। संवाद