आगरा कुंडोल में युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। किसी को शक न हो इसलिए लाश के झाड़ियों में छुपा दिया गया। ग्रामीणों ने सुबह के समय लाश को देखा तो शोर मचा दिया। सूचना पर थाना पुलिस और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की लाश को देख परिवारीजनों में चीत्कार मच गया।
आगरा के थाना डौकी क्षेत्र के कुंडोल में मैरिज होम के पास झाड़ियों में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की चाकू से गोदकर हत्या की गई। लाश को देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ गई। युवक की पहचान होते ही उसके परिवार के लोग मौके पर आ गए। परिवारीजनों ने बताया कि युवक बीती रात से लापता था। वो दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
कुंडोल निवासी रोहित उर्फ बड़े पुत्र शाहूकार धाकरे का शव मंगलवार सुबह मैरिज होम के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। किसी ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। रोहित अविवाहित था और बेलदारी का काम करता था। बताया गया है कि सोमवार को काम से लौटने के बाद घर से खाना खाकर निकल गया था। उसके घर न लौटने पर पिता ने रात 8.30 बजे उसके मोबाइल पर फोन किया तो किसी और ने उठाया। उसने संतोष जनक जवाब नहीं दिया। उसके बाद भी रोहित घर नहीं लौटा।
बताया गया है कि मंगलवार सुबह ग्रामीण जब शिव गार्डन मैरिज होम के पास से गुजर रहे थे, तो रोहित की लाश वहां पर पड़ी देखी। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ परिवार के लोग मौके पर आ गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
लाश के पास ही बीयर की खाली बोतल, नमकीन के पाउच भी मिले हैं। माना जा रहा है कि हत्या से पूर्व हत्यारों ने वहां बैठकर बीयर पी।,उसके बाद इस घटना को अंजाम दिया है। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी फतेहाबाद आनंद कुमार पांडे ने बताया कि सुबह एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी, जिसकी पहचान रोहित के रूप में हुई है। रोहित बेलदारी का काम करता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।