आगरा के थाना एत्माद्दौला के गौतम नगर में बुधवार तड़के पानी के प्लांट संचालक गब्बर (20) को दुकान में गोली मार दी गई। आरोप है कि पड़ोसी भागीरथ ने रंजिश में वारदात को अंजाम दिया। वह सिपाही का भाई है। पानी का प्लांट चलाता था। गब्बर पर ग्राहक ज्यादा आते थे। इससे उसका प्लांट बंद हो गया। वह रंजिश मानने लगा। पीड़ित परिजन ने मुकदमे में सिपाही सहित 5 को नामजद किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गौतम नगर, मोती महल निवासी रामबेटी ने पुलिस को बताया कि घर में ही पानी का प्लांट और परचून की दुकान है। पड़ोस में कालीचरन रहता है। उसका भाई भागीरथ भी पानी का प्लांट चलाता है। उनके प्लांट पर लोग अधिक आते हैं। कालीचरन सिपाही है। अलीगढ़ मेें तैनात है। इस कारण वह आए दिन धमकी देता है। बेटे राहुल और भूपेंद्र उर्फ गब्बर से हर महीने 10 हजार रुपये चौथ मांग रहा था। मगर, बेटों ने रुपये देने से मना कर दिया। इस पर रंजिश मानने लगा। 10 दिन पहले घर आकर धमकी दी कि प्लांट नहीं चलाने देगा।
बुधवार तड़के 5:22 बजे गब्बर दुकान पर बैठा था, तभी कालीचरन के भाई भागीरथ, कृपाल, भतीजा अनीश, बेटा शिवम दुकान पर आए। गब्बर से बीड़ी का बंडल मांगा। मना करने पर भागीरथ ने गब्बर के सीने में गोली मार दी। वह लहूलुहान हो गया। शोरशराबा होने पर परिजन आ गए। इस पर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। परिजन घायल को अस्पताल में ले गए।
सिपाही भी नामजद, भूमिका की जांच
एसीपी छत्ता आरके सिंह ने बताया कि कालीचरन, भागीरथ, कृपाल, अनीश और शिवम के खिलाफ नामजद हत्या का प्रयास, चौथ मांगने, जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी भागीरथ को गिरफ्तार कर लिया। उससे तमंचा बरामद किया। उससे पूछताछ में पता चला कि गब्बर और उनका पानी का प्लांट है। मगर, गब्बर की वजह से उसका प्लांट बंद हो गया। उसे बीसी (लॉटरी) के काम में भी घाटा हो गया था। इस कारण वह काफी समय से कानपुर में परिवार सहित रह रहा है। अब वह घर आए थे। तभी विवाद हो गया। कालीचरन की भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।