एटा के थाना नयागांव से करीब दो किलोमीटर दूर बिजली घर के पास युवक की हत्या कर शव को सड़क पर फेंक दिया गया। रातभर लाश के ऊपर से वाहन गुजरते रहे। सुबह जब लोगों ने ये दृश्य देखा तो पैर कांप गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुरी तरह क्षत विक्षत हुई लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं परिवार के लोगों ने मृतक की शिनाख्त कर ली। गांव के ही तीन युवकों पर परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के गांव सराय अगहत निवासी 23 वर्षीय महावीर सिंह (23) की हत्या की गई है। पिता मानसिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 4:00 बजे गांव के ही तीन युवक बेटे को घर से बुलाकर ले गए थे। कहा था कि अलीगंज में राशन कार्ड बनवाने जा रहे हैं। इसके बाद रात करीब 8:00 बजे फोन किया तो बताया कि अलीगंज में ही हैं और घर वापस आ रहे हैं। उसके बाद किसी से संपर्क नहीं हुआ। शनिवार की सुबह करीब 7:00 बजे बिजली घर के पास शव पड़े होने की सूचना मिली। तब परिजन वहां पहुंचे और शव की पहचान की गई।
पिता का आरोप है कि बेटे को घर से बुलाने के बाद तीनों ने हत्या कर शव को फेंका है। अब तक तीनों युवक सामने नहीं आए हैं। पिता का आरोप है कि हत्या कर बेटे की लाश को सड़क पर फेंक दिया गया। रातभर बेटे की लाश के ऊपर से वाहन गुजरते रहे। वहीं प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।