आगरा में एक युवक को ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर जाल में फंसाया गया। इस बहाने उससे 13 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित की शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज हुआ है।
आगरा के शहीद नगर के व्यक्ति को शेयर बाजार में ऑनलाइन ट्रेडिंग के मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने 13 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी 48 दिनों तक पीड़ित को लालच देकर अलग-अलग खातों में रुपये जमा कराते रहे। साइबर सेल में केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
शहीद नगर के रामवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनको अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर एके ग्रुप नाम के समूह में जोड़ा गया। शेयर बाजार में ट्रेडिंग करने पर मोटा मुनाफा होने की जानकारी दी गई। एप डाउनलोड करवाने के बाद विभिन्न आईपीओ खरीदने के नाम पर 17 दिसंबर 2024 से पांच फरवरी 2025 तक 48 दिनों में आठ खातों में 13,05,600 रुपये जमा करवा लिए। मुनाफे की रकम देेने के नाम पर बहाने बनाते रहे। ठगी का अहसास होेने पर आरोपियों से रकम लौटाने को कहा तो उन्होंने संपर्क तोड़ लिया।
दूसरा मामला सिकंदरा के पश्चिमपुरी का है। युवक से साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड देने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। पश्चिमपुरी के ऋषि चतुर्वेदी ने पुलिस को बताया कि 10 फरवरी की शाम उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। फोन करने वाले ने खुद को केनरा बैंक के क्रेडिट कार्ड सेंटर का कर्मचारी बताया। क्रेडिट कार्ड की विशेषता बताने के बाद कार्ड लेने को कहा था। इसके बाद ठगी कर ली गई।